'आप सब देश का भविष्य है, जो विकसित भारत का निर्माण करेंगे', नोएडा के एमिटी यूनिवर्सिटी में बोले चिराग पासवान

top-news
नोएडा के एमिटी विश्वविद्यालय में 26वें इनबुश विश्व सम्मेलन 2026 की शुरुआत हुई। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उद्घाटन कर युवाओं को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाने का संदेश दिया है। सम्मेलन में भविष्य निर्माण और वैश्विक साझेदारी पर जोर दिया गया है।

नोएडा स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में बुधवार से तीन दिवसीय 26वें अंतरराष्ट्रीय बिजनेस क्षितिज ‘इनबुश विश्व सम्मेलन 2026’ की शुरुआत हुई है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम रही— भविष्य का निर्माण: सीमाओं को मज़बूत करना, मकसद, लोगों और पार्टनरशिप के जरिए तरक्की को ताकत देना। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किया।


युवा ही बनेंगे विकसित भारत के आधार

छात्रों को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि देश का भविष्य आज के युवाओं के हाथ में है। उन्होंने कहा, “विकसित भारत के निर्माण के समय न मैं रहूंगा और न ही हमारी पीढ़ी के लोग अग्रिम भूमिका में होंगे, बल्कि उस समय आप लोग नेतृत्व करेंगे। इसलिए आपकी पीढ़ी पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” उन्होंने युवाओं से नवाचार, नेतृत्व और वैश्विक सोच विकसित करने का आह्वान किया।


विकसित भारत 2047 की दिशा में निर्णायक चरण

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इतिहास गवाह है कि हर पीढ़ी ने अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। 21वीं सदी का पहला चौथाई हिस्सा पूरा हो चुका है और अब दूसरा चरण भारत के लिए निर्णायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से भारत को विकासशील देश कहा जाता रहा है, लेकिन अब विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत हर क्षेत्र में सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं।


बड़े लक्ष्य तय करें और जिम्मेदारी निभाएं

चिराग पासवान ने छात्रों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में नीति निर्माण और निर्णय लेने की जिम्मेदारी आज के छात्रों पर ही होगी। शिक्षकों द्वारा दी जा रही शिक्षा और प्रशिक्षण भविष्य की चुनौतियों से निपटने की तैयारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के प्रयासों के साथ युवा शक्ति ही देश के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *