ग्रेनो वेस्ट में 24 घंटे बाधित रही जलापूर्ति, सोसायटी के हजारों लोग हुए परेशान, टैंकर से पहुंचा पानी
- Shiv Kumar
- 19 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ला रेजीडेंशिया सोसायटी में मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन फटने से 29 टावरों में पानी की सप्लाई ठप हो गई। करीब 2200 परिवारों के लगभग 7 हजार निवासी 24 घंटे तक पानी की किल्लत से जूझते रहे। निवासियों के अनुसार मंगलवार (17 फरवरी) रात करीब 11 बजे मुख्य पाइपलाइन फट गई थी। बुधवार सुबह जब पानी नहीं आया तो लोगों के दैनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गए। ऑफिस और स्कूल जाने की तैयारी कर रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दैनिक जरूरतों के लिए पानी बचाकर किया इस्तेमाल
पानी की कमी के कारण परिवारों को नहाने, कपड़े धोने और खाना बनाने के लिए सीमित पानी का उपयोग करना पड़ा। सोसायटी में टंकियां खाली होने के बाद कई लोगों ने पास की दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदा, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ गया। सोसायटी निवासी सुमित जलोटा ने बताया कि सूचना देने के बावजूद जलापूर्ति बहाल करने में देरी हुई। वहीं दीपांकर ने कहा कि पहले भी कई बार पानी की आपूर्ति बाधित हो चुकी है, लेकिन बिल्डर और मेंटेनेंस विभाग ने स्थायी समाधान नहीं किया।
देर रात बहाल हुई जलापूर्ति
बुधवार (18 फरवरी) रात करीब 11 बजे आंशिक रूप से पानी की सप्लाई शुरू हो पाई और रात 12 बजे तक स्थिति सामान्य हुई। हालांकि इस दौरान कई निवासियों को निजी टैंकर मंगवाने पड़े और बाल्टियों से फ्लैट तक पानी पहुंचाना पड़ा। महिलाओं और बच्चों को खासा परेशान होना पड़ा। निवासियों ने रोष जताते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने और भारी मेंटेनेंस चार्ज देने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






