नोएडा में 38वें फ्लॉवर शो का आगाज, सांसद महेश शर्मा ने किया उद्घाटन, केदारनाथ मंदिर बना आकर्षण का केंद्र
- Shiv Kumar
- 19 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-33 स्थित शिवालिक पार्क में 38वें फ्लावर शो का शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन गौतमबुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा ने किया। चार दिवसीय यह आयोजन 19 फरवरी से 22 फरवरी तक चलेगा और आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
केदारनाथ मंदिर बना आकर्षण का केंद्र
इस बार फ्लावर शो में 40 फीट ऊंचा और 30 फीट चौड़ा केदारनाथ मंदिर का भव्य प्रतिरूप तैयार किया गया है, जिसे 15 से 20 कुंटल फूलों से सजाया गया है। फूलों से सजे इस मंदिर के साथ बड़ी संख्या में लोग फोटो और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा शो में फूलों से निर्मित शिवलिंग, 20 फीट ऊंचा त्रिशूल और करेले से बनाया गया हाथी भी दर्शकों को आकर्षित कर रहा है।
120 प्रजातियों के खुशबूदार फूलों की प्रदर्शनी
फ्लावर शो में लगभग 120 प्रजातियों के रंग-बिरंगे और खुशबूदार फूल लगाए गए हैं, जो पूरे परिसर को महका रहे हैं। अलग-अलग थीम पर की गई सजावट लोगों को खासा लुभा रही है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। आयोजकों के अनुसार, चार दिन तक चलने वाले इस फ्लावर शो में करीब 5 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






