नोएडा एयरपोर्ट तक जाएंगी ग्रेटर नोएडा की बसें, 15 ई-बसें चलाने की तैयारी, 4 रूट फाइनल, 50 हजार से ज्यादा लोगों को होगा फायदा

top-news
ग्रेटर नोएडा में चार प्रमुख रूटों पर 15 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी है। ये बसें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ेंगी और करीब 50 हजार लोगों को राहत देंगी। प्राधिकरण घाटे की भरपाई करेगा, जबकि संचालन परिवहन विभाग करेगा।

ग्रेटर नोएडा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को लेकर बड़ी पहल होने जा रही है। शहर के चार प्रमुख रास्तों पर 15 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इन बसों का संचालन उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग करेगा, जबकि संचालन में होने वाले संभावित घाटे की भरपाई ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण करेगा। प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि परिवहन विभाग के अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है और प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है। माना जा रहा है कि योजना को अंतिम मंजूरी मिलते ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे शहर के हजारों लोगों को राहत मिलेगी, खासकर उन इलाकों में जहां अभी सीधा सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं है।


50 हजार से ज्यादा लोगों को सीधा फायदा

इन ई-बसों के शुरू होने से अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, पी-3 समेत कई बड़े आवासीय सेक्टरों में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अनुमान है कि रोजाना 50 हजार से ज्यादा लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इन रूटों पर प्राधिकरण, पुलिस और जिला प्रशासन के दफ्तर भी पड़ते हैं, जिससे कर्मचारियों और आम लोगों को काफी सहूलियत होगी। खास बात यह है कि ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के बीच अभी तक सीधी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यह बस सेवा दोनों हिस्सों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। लोगों को अब ऑटो या निजी गाड़ियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।


चारों रूट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ेंगे

इन सभी बस रूटों को नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा। फिलहाल मेट्रो और आरआरटीएस परियोजनाओं को पूरा होने में समय लगेगा, इसलिए ये ई-बसें एक अंतरिम लेकिन बेहद जरूरी समाधान मानी जा रही हैं। पहला रूट ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सिटी-1 और 2 से चार मूर्ति चौक, 130 मीटर रोड, सिटी पार्क, परीचौक और यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए एयरपोर्ट तक जाएगा। दूसरा रूट गौड़ सौंदर्यम से बिसरख, सूरजपुर, जगत फार्म और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के रास्ते एयरपोर्ट पहुंचेगा। तीसरा रूट छपरौला फ्लाईओवर से सिरसा गोलचक्कर होते हुए एयरपोर्ट तक और चौथा रूट मकौड़ा गोलचक्कर से शारदा विश्वविद्यालय व इंडिया एक्सपो मार्ट के रास्ते एयरपोर्ट को जोड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *