नोएडा में निर्माणधीन मकान की शटरिंग गिरने से दो मजदूर घायल, इलाज के दौरान एक की मौत
- Shiv Kumar
- 20 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के गांव सर्फाबाद में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की शटरिंग अचानक गिरने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल हुए मजदूरों की पहचान मोहित पाल और जीतू के रूप में हुई है। मोहित पाल हरदोई के धर्मपुर गांव का रहने वाला था और वर्तमान में पर्थला में रह रहा था। जीतू राजस्थान के धौलपुर जिले का निवासी है और सर्फाबाद में रहकर काम कर रहा था। दोनों निर्माण कार्य में लगे थे, तभी शटरिंग गिरने से मलबे की चपेट में आ गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहित पाल को बचाने की कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जीतू का इलाज जारी है।
मौके का निरीक्षण, पोस्टमार्टम की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police की सेक्टर-113 थाना पुलिस और फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






