नोएडा में तेजी से चल रही पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य
- Shiv Kumar
- 20 Feb, 2026
नोएडा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी का लाभ मिलेगा। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी/परियोजना अधिकारी यूपीनेडा गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि उत्तरप्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (यूपीनेडा) के जरिए से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। योजना का उद्देश्य लोगों को बिजली बचत के साथ-साथ अतिरिक्त आय का अवसर देना भी है। उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे ग्रिड में बेच सकते हैं।
₹78,000 तक सीधे खाते में सब्सिडी
योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता पर ₹30,000, 2 किलोवाट पर ₹60,000 और 3 किलोवाट पर अधकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में दी जाएगी। इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट https://pmsuryaghar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी और सरल है। पहले पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन भरना होगा, फिर संबंधित डिस्कॉम से अनुमोदन लेना होगा। इसके बाद सोलर पैनल स्थापित कर नेट मीटर और बैंक विवरण अपलोड करने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर सब्सिडी की राशि सीधे खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी।
बिना गारंटी ऋण और स्पष्ट पात्रता शर्तें
योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र के लिए लगभग 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बिना गारंटी (कोलैटरल फ्री) ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे आम नागरिकों को आर्थिक बोझ के बिना सौर ऊर्जा अपनाने में मदद मिलेगी। पात्रता के अनुसार आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए, उसके घर की छत सोलर पैनल के लिए उपयुक्त हो, वैध बिजली कनेक्शन हो और पहले किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का लाभ न लिया हो। आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, नवीनतम बिजली बिल, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी शामिल हैं। विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा, कक्ष संख्या 111, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा में कार्यदिवसों में संपर्क कर सकते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






