नोएडा के यमुना एक्सप्रेस वे पर आज रूट डायवर्जन, माल वाहनों पर रोक, किसी भी तरह की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
नोएडा में आज कई वीवीआईपी के दौरे को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली बॉर्डर से जुड़े प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन के मुताबिक वीआईपी और वीवीआईपी काफिला दिल्ली के डीएनडी और चिल्ला रेड लाइट बॉर्डर से प्रवेश कर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के रास्ते जीरो प्वाइंट पहुंचेगा। वहां से यमुना एक्सप्रेसवे पर 26 किलोमीटर स्थित फलैदा कट से उतरकर सेक्टर-28 के कार्यक्रम स्थल तक जाएगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस दौरान पूरी छूट दी गई है। किसी भी असुविधा की स्थिति में चालक 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।
दिल्ली बॉर्डर से आने वाले वाहनों के लिए बदला रूट प्लान
दिल्ली सीमा से गौतमबुद्धनगर में प्रवेश करने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वाहन यू-टर्न लेकर एनएच-9/24 से होते हुए एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करेंगे। डीएनडी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को भी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर इसी वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। कालिंदी कुंज बॉर्डर से आने वाले वाहनों को भी एनएच-9/24 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए आगे बढ़ना होगा। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि संवेदनशील चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि जाम की स्थिति न बने और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
आगरा, परी चौक और आसपास के इलाकों के लिए विशेष इंतजाम
आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को जेवर टोल से पहले बने यू-टर्न से अलीगढ़ की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहनों को जेवर कस्बे की ओर उतारकर सबौता अंडरपास से खुर्जा बाइपास और जहांगीरपुर की तरफ भेजा जाएगा। वहीं परी चौक से आगरा जाने वाले वाहन अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर, मेट्रो डिपो गोलचक्कर, 130 मीटर रोड और सिरसा गोलचक्कर से होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए बुलंदशहर और अलीगढ़ पहुंच सकेंगे। यदि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक दबाव बढ़ा तो वाहनों को सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। आसपास के क्षेत्रों से आने वालों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
मीडिया, एचसीएल और पार्किंग की अलग व्यवस्था
मीडिया और एचसीएल कर्मियों के वाहनों के लिए अलग रूट और पार्किंग तय की गई है। ये वाहन यमुना एक्सप्रेसवे से फलैदा कट (26 किमी) से बाईं ओर उतरकर तीर्थली डबल सर्विस रोड के रास्ते सेंट्रल वेयरहाउस बिल्डिंग के बराबर होते हुए टी-प्वाइंट से दाहिने मुड़कर निर्धारित पार्किंग में पहुंचेंगे। कार्यक्रम के बाद वापसी भी इसी मार्ग से होगी। सामान्य बस पार्किंग सेंट्रल वेयरहाउस और पानी की टंकी के बीच खाली प्लॉट में रहेगी। पुलिस, अन्य विभाग, मीडिया और एचसीएल की पार्किंग वीआईपी पार्किंग के दाहिने ओर तय की गई है, जबकि एचसीएल और शिव नादर स्कूल की बसों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






