ग्रेटर नोएडा में कमरे में घुसा 4 साल का बच्चा और लगा ली कुंडी, फिर घबराकर रोता रहा घंटों, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला, मां ने कहा- थैंक्स
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पी3 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक चार साल का बच्चा कमरे के अंदर बंद हो गया। बच्चे ने अनजाने में अंदर से कुंडी लगा ली थी और दरवाजा खोल नहीं पा रहा था। अंदर से उसके रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना देर किए स्थिति को संभाला और दरवाजा तोड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर आते ही मासूम सीधे अपनी मां के गले लग गया। इस दौरान परिवार के लोगों की आंखों में आंसू थे, लेकिन राहत भी साफ दिख रही थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी और परिवार ने राहत की सांस ली।
डायल 112 पर सूचना, पीआरबी टीम ने दिखाई फुर्ती
सूचना मिलते ही पीआरबी 2554 और 8138 की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने देखा कि बच्चा अंदर से लगातार रो रहा था और परिवार के सदस्य दरवाजा खुलवाने की कोशिश में लगे थे। पुलिसकर्मियों ने पहले हालात को समझा और फिर बिना समय गंवाए दरवाजा तोड़ने का फैसला लिया। कुछ ही पलों में दरवाजा तोड़ा गया और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। परिवार वालों ने बताया कि वे थोड़ी देर के लिए बाहर गए थे और बच्चा कमरे में सो रहा था। जागने के बाद उसने खेल-खेल में दरवाजा बंद कर लिया। जब वह खोल नहीं पाया तो डर गया और जोर-जोर से रोने लगा।
मां की आंखों में आंसू, पुलिस का जताया आभार
बच्चे के कमरे में बंद होने से परिवार बुरी तरह घबरा गया था। खासकर मां का रो-रोकर बुरा हाल था। जैसे ही दरवाजा टूटा और बच्चा बाहर आया, वह दौड़कर अपनी मां से लिपट गया। यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर गया। बच्चे को सकुशल देखकर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का दिल से धन्यवाद किया। ग्रेटर नोएडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की आसपास के लोगों ने भी सराहना की। समय रहते कदम उठाया गया, वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






