हर्ष फायरिंग में वेटर को गोली मारने वाला गिरफ्तार, ग्रेटर नोएडा में सगाई का था कार्यक्रम, गोली चलने से मच गया था हड़कंप

top-news
ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र में सगाई समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में 18 वर्षीय वेटर पुष्पेंद्र को गोली लग गई थी। पुलिस ने आरोपी दुर्वेश कुमार बैसोया को गिरफ्तार कर अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में सगाई समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग कर 18 वर्षीय वेटर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं। इस घटना में गाजियाबाद के लाल कुआं निवासी पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।


18 फरवरी को हुआ था हादसा

पुलिस के अनुसार यह घटना 18 फरवरी को हुई थी। बिसरख पुलिस को एक निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि गोली लगने से घायल युवक को भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सगाई समारोह के दौरान खुशी मनाने के लिए अवैध हथियार से फायरिंग की गई थी। इसी दौरान चली गोली वेटर पुष्पेंद्र को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि समारोह के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में थे। उन्होंने वेटर से फोटो खींचने के लिए कहा था। वेटर के मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से हर्ष फायरिंग कर दी, जिससे यह हादसा हुआ।


घेराबंदी कर हनुमान चौराहा से गिरफ्तारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को हनुमान चौराहा के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी दुर्वेश कुमार बैसोया पुत्र ब्रह्मपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से गाजियाबाद के रिस्तल (थाना टीलामोड़) का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *