ग्रेटर नोएडा में अजब-गजब कारनामा, एक ही बाइक पर सवार दिखे 8 लोग, पति-पत्नी के साथ 6 बच्चे शामिल
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके में शुक्रवार को ट्रैफिक नियमों की खुली अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक व्यक्ति अपनी पत्नी और छह बच्चों के साथ एक ही बाइक पर सफर करता दिखा। राहगीरों ने इस खतरनाक सफर का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक पर कुल आठ लोग सवार हैं—चालक, उसकी पत्नी और छह मासूम बच्चे। बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के इस तरह का सफर न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सभी की जान के लिए बड़ा खतरा भी है।
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल
वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि दनकौर क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का पालन सख्ती से नहीं कराया जा रहा, जिसकी वजह से लोग बेखौफ होकर नियम तोड़ रहे हैं। एक बाइक पर दो से ज्यादा सवारी बैठाना मोटर व्हीकल एक्ट का सीधा उल्लंघन है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामले अक्सर सामने आ रहे हैं। लोगों का मानना है कि अगर समय रहते सख्ती नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है, क्योंकि जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
पुलिस ने की अपील, कार्रवाई की बात
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे खुद भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित यातायात सभी की जिम्मेदारी है और नियमों का पालन कर ही सड़क हादसों को रोका जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






