ग्रेटर नोएडा में तालाब में डूबकर बच्चे की मौत से मचा मातम, एसडीएम से मिले परिजन, परिवार के लिए नौकरी की मांग
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में तालाब में डूबकर तीन वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। शुक्रवार को मृतक देवांश के माता-पिता और परिजन ग्रामीणों के साथ एसडीएम सदर से मिलने पहुंचे। परिवार ने मांग की है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में उनके एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दी जाए, ताकि घर की आर्थिक स्थिति संभल सके। प्रशासन की ओर से परिवार को सकारात्मक आश्वासन मिला है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और ग्रामीण भी परिवार के समर्थन में खड़े नजर आए।
भंडारे के दौरान खेलते-खेलते हुआ हादसा
करीब सात दिन पहले दलेलगढ़ गांव में यह हादसा हुआ था। गांव की रहने वाली अंजली की शादी सिकंदराबाद क्षेत्र के सोपानी गांव में राकेश से हुई थी। उनका तीन वर्षीय बेटा देवांश अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था। अंजली के चाचा देवेंद्र उर्फ कालू गांव के मंदिर प्रांगण में 41 दिनों से तपस्या कर रहे थे और तपस्या पूर्ण होने पर भंडारे का आयोजन किया गया था। इसी दौरान देवांश खेलते-खेलते पास के गड्ढेनुमा तालाब में गिर गया। जब तक लोग उसे बाहर निकालते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार सदमे में है।
एसडीएम से मुलाकात, नौकरी का भरोसा
शुक्रवार को परिवार ग्रामीणों और समाजसेवी अमित भाटी के साथ एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता से मिला। परिजनों ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और बच्चे की मौत के बाद हालात और कठिन हो गए हैं। समाजसेवी ने प्रशासन से अनुरोध किया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में परिवार के एक सदस्य को संविदाकर्मी के रूप में रोजगार दिया जाए। अमित भाटी के अनुसार, एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। अब परिवार प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






