डीएम मेधा रूपम ने मजदूर महिला के बच्चे को दिलाया एडमिशन, सीएम योगी के कार्यक्रम में काम कर रही थी महिला

top-news
ग्रेटर नोएडा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान डीएम मेधा रूपम ने निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूर महिला के बच्चों को देखकर उनके स्कूल दाखिले के निर्देश दिए। प्रशासन बच्चों की शिक्षा और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करेगा।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करते समय जिलाधिकारी मेधा रूपम का एक मानवीय पहलू सामने आया। निरीक्षण के दौरान उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो निर्माण कार्य में लगी थी और उसके छोटे-छोटे बच्चे पास में बैठे थे। बच्चों की स्थिति देखकर जिलाधिकारी तुरंत उनके पास पहुंचीं और हालचाल जाना। मौके पर ही उन्होंने बच्चों को कपड़े उपलब्ध कराए और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दोनों बच्चों का नजदीकी विद्यालय में तत्काल प्रवेश कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी प्रशासन उठाए।


निरीक्षण के दौरान लिया त्वरित निर्णय

दरअसल, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर सुरक्षा, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी मेधा रूपम स्वयं मौके पर पहुंची थीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि एक महिला मजदूर अपने बच्चों को साथ लेकर काम कर रही है। बच्चों के पास न तो पर्याप्त कपड़े थे और न ही पढ़ाई की कोई व्यवस्था। इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि बच्चों का स्कूल में दाखिला सुनिश्चित कर उनकी मूलभूत जरूरतों का भी ध्यान रखा जाए।


स्थानीय लोगों ने की सराहना

जिलाधिकारी की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने खुलकर सराहना की। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच इस तरह का मानवीय व्यवहार मिसाल पेश करता है। मौके पर अपर जिलाधिकारी (एडीएम), उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जिम्मेदारी तय की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *