ग्रेटर नोएडा में कूलर पैड बनाने वाली कंपनी में लगी आग, मच गया हड़कंप, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कूलर पैड बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है और दमकल विभाग की टीम इसकी जांच में जुटी है।
सुबह साढ़े सात बजे मिली सूचना
बादलपुर कोतवाली प्रभारी अमित भड़ाना के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली कि छपरौला-बिश्ननूली मार्ग पर स्थित वीरेंद्र गुप्ता निवासी लक्ष्मीनगर, दिल्ली की फैक्ट्री श्री श्याम जी इंडस्ट्रीज़ में आग लग गई है। फैक्ट्री में कूलर पैड बनाने का काम होता है। अचानक आग लगने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने भी धुएं का गुबार देखकर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की तीव्रता को देखते हुए एक के बाद एक सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछार की। अंदर मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे बुझाने में काफी समय लगा। करीब चार घंटे की कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस और दमकल विभाग अब आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। प्रशासन ने आसपास के उद्योगों को भी सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






