नोएडा में सपा मुखिया अखिलेश यादव की बेटी की आपत्तिजनक फोटो की पोस्ट, कोर्ट के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- Shiv Kumar
- 23 Feb, 2026
नोएडा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी की कथित आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई गौतमबुद्धनगर जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी बोड़ाकी की याचिका पर न्यायालय के आदेश के बाद की गई। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया अकाउंट से की गई थी पोस्ट
याचिकाकर्ता मनोज भाटी ने न्यायालय में दायर प्रार्थना पत्र में बताया कि ‘इंडियन स्टोरी’ नामक एक सोशल मीडिया अकाउंट से अखिलेश यादव की पुत्री की कथित आपत्तिजनक फोटो पोस्ट की गई थी। आरोप है कि इस पोस्ट के जरिए परिवार की छवि धूमिल करने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की गई। याचिका में यह भी कहा गया है कि पोस्ट पर 100 से अधिक आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे संबंधित परिवार को मानसिक आघात पहुंचा और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत में इस कृत्य को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 151, 356, 356(3), 354-सी तथा आईटी एक्ट की धारा 66-ई और 67 के तहत दंडनीय बताया गया है। मनोज भाटी के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को थाना सूरजपुर में लिखित तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 1 जनवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई, फिर भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR
पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर याचिकाकर्ता ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्धनगर की अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने थाना सूरजपुर को मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान और पोस्ट करने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






