नोएडा में कई पुलिस अधिकारियों के ट्रांसफर, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी, डीसीपी और एडीसीपी स्तर पर तबादले
- Shiv Kumar
- 23 Feb, 2026
नोएडा में प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) स्तर पर अहम तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के मुताबिक कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
डीसीपी स्तर पर जिम्मेदारियों में बदलाव
आईपीएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को पुलिस उपायुक्त लाइन्स व आरटीसी के साथ-साथ पुलिस उपायुक्त यातायात की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। अब वह कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में ट्रैफिक व्यवस्था के साथ लाइन्स और आरटीसी का कार्यभार संभालेंगे।वहीं, आईपीएस अधिकारी अनुकृति शर्मा को अपर पुलिस उपायुक्त से प्रभारी पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा बनाया गया है। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी अब उनके जिम्मे रहेगी। आईपीएस अधिकारी शैव्या गोयल को प्रभारी पुलिस उपायुक्त एफआरआरओ की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वे साइबर, नॉरकोटिक्स और अभिसूचना एवं सुरक्षा से जुड़े कार्य भी देखती रहेंगी।
एडीसीपी स्तर पर भी बदलाव
पीपीएस अधिकारी मनीषा सिंह को प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात और अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा के पद से मुक्त करते हुए अब केवल अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में पीपीएस अधिकारी पूनम मिश्रा, जो अब तक जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ऑफिसर के रूप में तैनात थीं, उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही वे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़े दायित्व भी संभालती रहेंगी। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक जरूरतों और बेहतर कार्यप्रणाली को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था और विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






