ग्रेटर नोएडा में मुआवजे के बंटवारे को लेकर बवाल, बड़े ने कर दी छोटे की हत्या, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

top-news
ग्रेटर नोएडा के कलूपुरा गांव में 30 लाख रुपये के मुआवजे के बंटवारे को लेकर छोटे भाई की हत्या का मामला सामने आया है। शव गन्ने के खेत में मिला। पुलिस ने बड़े भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के कलूपुरा गांव में जमीन अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर रिश्तों का खून हो गया। 25 वर्षीय सुखदेव शर्मा का शव गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे ईख के खेत में लहूलुहान हालत में मिला। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने बेटे और ससुर के साथ मिलकर सुखदेव की हत्या कर दी और फिर इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


तीन दिन पहले निकले थे घर से, खेत में मिला शव

परिजनों के मुताबिक सुखदेव तीन दिन पहले बाइक लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद रविवार दोपहर ग्रामीणों ने सड़क किनारे ईख के खेत में एक युवक का शव देखा। पास ही टूटी हुई बाइक और हेलमेट भी पड़ा था। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह सड़क दुर्घटना है, लेकिन परिवार ने हालात देखकर हत्या की आशंका जताई। मृतक के पिता सुरेश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हाल ही में यमुना प्राधिकरण से उन्हें करीब 30 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। आरोप है कि इस रकम के बंटवारे को लेकर बड़ा बेटा हरकेश शर्मा लगातार विवाद कर रहा था।


भारी वस्तु से वार कर हत्या का आरोप

पिता का आरोप है कि हरकेश ने अपने बेटे हिमांशु और जेवर निवासी ससुर अनिल शर्मा के साथ मिलकर सुखदेव के सिर पर भारी वस्तु से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को हादसा साबित करने के लिए शव और बाइक को खेत में फेंक दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुखदेव के लापता होने की सूचना पहले ही दी गई थी, लेकिन समय रहते गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई। रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *