नोएडा में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़, खाद्य विभाग ने होली से पहले एक क्विंटल गुलाब जामुन किए नष्ट, छापेमारी कर हानिकारक रिफाइंड किया सीज
- Shiv Kumar
- 23 Feb, 2026
नोएडा में होली से पहले लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचे, इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे गौतमबुद्धनगर में रविवार को सघन छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में मिठाई की दुकान से लेकर तेल बनाने वाली फैक्ट्री तक जांच की गई। कई जगहों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट और सीज की गई।
सेक्टर-62 की मिठाई की दुकान पर छापा, 100 किलो गुलाब जामुन खराब मिले
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ‘सम्यक मिठाईवाला’ पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना और अमर बहादुर सरोज की टीम ने छापा मारा। निरीक्षण के दौरान करीब 100 किलोग्राम गुलाब जामुन दूषित हालत में मिले। मिठाइयों में मक्खी-मच्छर पड़े थे और साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। टीम ने मौके से एक नमूना जांच के लिए लिया और बाकी पूरे स्टॉक को वहीं नष्ट करवा दिया। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के समय मिलावटी या खराब मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग ने दुकानदारों को साफ निर्देश दिए हैं कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कासना की तेल फैक्ट्री में फोर्टिफिकेशन लोगो पर गड़बड़ी, हजारों पैक सीज
ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित ‘जानकी बल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड’ की खाद्य तेल निर्माण इकाई पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान ‘न्यूट्रीग्लो’ ब्रांड के 750 ग्राम रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, 13 किलोग्राम टीन पैक सोयाबीन तेल और 750 ग्राम पॉमोलिन ऑयल के नमूने लिए गए। निरीक्षण में पाया गया कि उत्पादों पर फोर्टिफिकेशन का लोगो लगा था, जबकि वास्तव में फोर्टिफिकेशन नहीं किया गया था। बैच नंबर और जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। इसके चलते 291 टीन सोयाबीन ऑयल, 3968 पाउच सोयाबीन ऑयल और 6995 पाउच पॉमोलिन ऑयल सीज कर दिए गए। इसके अलावा ‘न्यूट्रीलाइव गोल्ड’ ब्रांड के 15 किलो वाले 91 टीन पॉमोलिन तेल एक्सपायरी डेट पार कर चुके थे। इनका एक नमूना लेकर बाकी सभी टीन भी सीज कर दिए गए।
अभियान रहेगा जारी
कुल पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि बाजार में मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






