ग्रेटर नोएडा में 12 लाख के गांजा जब्त, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, पश्चिम बंगाल से लाकर एनसीआर में करते थे सप्लाई
- Shiv Kumar
- 23 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला ग्रेटर नोएडा का है, जहां सूरजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने रविवार को मोजरबीयर गोलचक्कर सर्विस रोड के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 80 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक क्रेटा कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
संयुक्त अभियान में दबोचे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, कस्बा सूरजपुर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद सूरजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ मेरठ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। घेराबंदी के दौरान कार सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई तो भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुजाना निवासी रविंद्र नागर और बुलंदशहर निवासी मोंटी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कुल 80.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआती पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश से लाते थे माल
थाना प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक आरोपी संगठित तरीके से काफी समय से गांजा तस्करी में लिप्त थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश से सस्ते दामों पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद लग्जरी गाड़ियों में माल छिपाकर एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। खासतौर पर ट्रक चालकों और मजदूरों को ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री की जाती थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी रविवार को भी गांजे की खेप सप्लाई करने जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही टीम ने उन्हें दबोच लिया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






