ग्रेटर नोएडा में सोसाइटी की पार्किंग से वाहन चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद, पीड़ितों की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में दो दिनों में दो चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। 20 फरवरी को साइकिल और 21 फरवरी को मोटरसाइकिल चोरी हुई। दोनों वारदातें सीसीटीवी में कैद हैं। बिसरख पुलिस जांच में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ला रेजिडेंशिया सोसायटी की पार्किंग से दो दिनों के भीतर दो वाहन चोरी हो गए हैं। ताजा मामला मोटरसाइकिल चोरी का है, जो पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। इससे पहले 20 फरवरी को सोसायटी की पार्किंग से एक साइकिल भी चोरी हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से सोसायटी के निवासियों में नाराजगी साफ नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि अगर सोसायटी के अंदर ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।


सीसीटीवी में कैद हुई बाइक चोरी की वारदात

21 फरवरी को हुई दूसरी घटना में एक शख्स पार्किंग में पहुंचता है और पहले आराम से खड़ी मोटरसाइकिल का लॉक खोलता है। कुछ ही मिनटों में वह बाइक स्टार्ट कर वहां से निकल जाता है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दे रहा है। इससे पहले 20 फरवरी को भी एक साइकिल चोरी हुई थी, जिसकी तस्वीरें भी कैमरे में कैद हुई थीं। दो दिनों में लगातार दो चोरी की घटनाओं ने सोसायटी के लोगों को चिंता में डाल दिया है। उनका कहना है कि सुरक्षा गार्ड गेट पर तैनात रहते हैं, फिर भी इस तरह की वारदातें कैसे हो जा रही हैं, यह समझ से परे है।


सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी

सोसायटी निवासी सुनील जलोटा ने बताया कि यहां आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। उनका आरोप है कि पार्किंग से वाहन चोरी हो जाते हैं, लेकिन गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगती। इन घटनाओं के बाद लोगों में काफी गुस्सा है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं बिसरख थाना पुलिस का कहना है कि सोसायटी की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *