ग्रेटर नोएडा धूमधाम से जा रही थी बारात, जेनरेटर की तार से चिपक गया किशोर, मौत से मचा मातम

top-news
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में बारात चढ़त के दौरान जनरेटर के करंट से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वह झूमर लाइट पकड़े हुए था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह पार्ट टाइम काम करता था। घटना से गांव में शोक है।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर जादौन गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात चढ़त के दौरान जनरेटर के करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर बैंड बाजे के साथ झूमर लाइट पकड़े हुए दूल्हे के पास चल रहा था। अचानक तार में कट होने से उसमें करंट दौड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और शादी का माहौल सन्नाटे में बदल गया।


पढ़ाई के साथ करता था पार्ट टाइम काम

मृतक की पहचान रबूपुरा के गांधीनगर निवासी उजैव के रूप में हुई है। वह पब्लिक इंटर कॉलेज में आठवीं कक्षा का छात्र था। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी, इसलिए वह पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम बैंड बाजे में लाइट पकड़ने का काम करता था। उसके पिता शौकीन अनाज मंडी में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि महमदपुर जादौन गांव में पप्पू की बेटी की शादी थी और दादरी के मकोड़ा गांव से बारात आई हुई थी। बारात चढ़त के दौरान उजैव दूल्हे के बराबर में झूमर लाइट पकड़े खड़ा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया।


अफरा-तफरी के बीच अस्पताल पहुंचाया, नहीं बच सकी जान

हादसे के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में नोएडा के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद शादी समारोह में सन्नाटा छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार देर शाम तक इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी। परिजनों ने गमगीन माहौल में बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना ने शादी समारोहों में जनरेटर और बिजली उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *