ग्रेटर नोएडा में बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना, जमीन समेत लाखों रुपये का कर दिया हेरफेर, पुलिस ने 7 पर दर्ज किया मुकदमा

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर में 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला से जमीन का बैनामा धोखाधड़ी से कराने और बैंक खाते से पैसे निकालने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला से कथित धोखाधड़ी कर लाखों रुपये की जमीन का बैनामा कराने और बैंक खाते से रकम निकालने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई हरियाणा निवासी लवकुमार की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद की गई। शिकायत में कहा गया है कि उनकी दादी कलवत, पत्नी माधव सिंह, उम्र और बीमारी के कारण कमजोर हैं, उन्हें सुनने में दिक्कत है और मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती। उनके नाम गांव शमशम नगर में करीब 0.379 हेक्टेयर जमीन दर्ज है। आरोप है कि इसी जमीन को हड़पने की नीयत से आरोपियों ने साजिश रची और महिला को बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में ले लिया।


जबरन बंधक बनाकर कराया गया बैनामा, खाते से निकाली रकम

शिकायत के मुताबिक 3 सितंबर 2025 को जब बुजुर्ग महिला अपनी जमीन देखने गांव आई थीं, तभी हरिओम, हिम्मत सिंह, शीशपाल, ओमवीर, अशोक, भीम और सुभाष नामक आरोपियों ने उन्हें जबरन रोक लिया। परिजन काफी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। आरोप है कि 29 सितंबर 2025 को महिला से धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा करा लिया गया। इसके बाद उनके नाम से एक बैंक खाता खुलवाया गया, जिसमें जमीन की बिक्री से प्राप्त धनराशि जमा की गई। बाद में इसी खाते से पैसे भी निकाल लिए गए। परिजनों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया महिला की जानकारी और सहमति के बिना की गई।


अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा, जांच शुरू

शिकायत में यह भी आरोप है कि 11 नवंबर 2025 को आरोपी महिला को उनके घर छोड़ गए और जाते समय गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। लवकुमार ने स्थानीय पुलिस में शिकायत की, लेकिन कथित रूप से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत के आदेश पर अब पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *