दकनौर में लोक शक्ति को झटका, पार्टी छोड़ कार्यकर्ताओं ने किसान एकता संघ की ली सदस्यता, संगठन विस्तार का लिया संकल्प
- Shiv Kumar
- 23 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में किसान राजनीति में हलचल देखने को मिली, जब भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के कई कार्यकर्ताओं ने संगठन से इस्तीफा देकर किसान एकता संघ की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह कार्यक्रम किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान के आवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों को संगठन की टोपी पहनाकर औपचारिक रूप से शामिल किया गया। शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने किसान एकता संघ की कार्यप्रणाली और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए यह फैसला लिया है। इस बदलाव को क्षेत्र में किसान संगठनों की ताकत के नए समीकरण के रूप में देखा जा रहा है।
नए पदाधिकारियों की घोषणा, संगठन विस्तार पर जोर
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। हसरत अली को तहसील उपाध्यक्ष, शकील खान को तहसील सचिव, इस्लाम को तहसील संयोजक और फजलू को तहसील महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है।
किसानों के मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि किसान एकता संघ लगातार किसानों और आम जनमानस के हितों के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने नए सदस्यों को आश्वस्त किया कि संगठन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा। इस अवसर पर किसानों की समस्याओं को लेकर एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई। कार्यक्रम में जेपी नागर, रोहित गौतम, हसरत अली, इस्लाम, फजलू और शकील सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






