ग्रेटर नोएडा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, करंट लगने से लाइनमैन की मौत, लाइन में काम करते समय बिजली चालू होने से हादसा
- Shiv Kumar
- 23 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में बिजली के करंट से झुलसकर एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग 91 पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे लंबी वाहनों की कतार लग गई। मृतक की पहचान जारचा निवासी रवि के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे दादरी की बालाजी एनक्लेव कॉलोनी में फाल्ट की सूचना मिली थी। रवि टीम के साथ मौके पर पहुंचा और खंभे पर चढ़कर मरम्मत कार्य शुरू किया। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया और वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।
शटडाउन लेने के बावजूद कैसे आई बिजली, उठे सवाल
परिजनों का आरोप है कि रवि ने काम शुरू करने से पहले शटडाउन लिया था। इसके बावजूद लाइन में बिजली आ जाना गंभीर लापरवाही दर्शाता है। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि विभागीय लापरवाही ने एक परिवार का सहारा छीन लिया।
पुलिस पहुंची, जाम खुलवाने की कोशिश
शव को हाईवे पर रखकर किए गए प्रदर्शन से राष्ट्रीय राजमार्ग 91 पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बादलपुर समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल प्रशासन जाम खुलवाकर यातायात सामान्य करने और परिजनों की मांगों पर बातचीत करने में जुटा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






