नोएडा में लिफ्ट में फंसे चार लोग, घुटन से एक बच्चे समेत बुजुर्ग और महिला की तबीयत हुई खराब, परिजनों ने काटा हंगामा
- Shiv Kumar
- 24 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी में सोमवार शाम एक बड़ी लापरवाही सामने आई। एल-9 टावर की लिफ्ट में नौ साल के बच्चे समेत चार लोग करीब आधे घंटे तक फंसे रहे। लिफ्ट का पंखा बंद था, जिससे अंदर घुटन बढ़ती चली गई। बच्चे और एक बुजुर्ग महिला की हालत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोगों की सांसें अटक गईं। काफी देर तक मदद नहीं मिलने पर अंदर से दरवाजा पीटकर और आवाज लगाकर सहायता मांगी गई। किसी तरह लिफ्ट खोली गई, लेकिन घटना के बाद सोसायटी में गुस्सा फूट पड़ा। निवासियों ने टावर के नीचे बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध जताया और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए।
अचानक झटका लगा और बीच में अटक गई लिफ्ट
सोसायटी निवासी अचिन राठौर ने बताया कि उनकी बुजुर्ग मां, नौ वर्षीय बेटा, पत्नी और बहन ग्राउंड फ्लोर से बेसमेंट की ओर जा रहे थे। जैसे ही लिफ्ट नीचे बढ़ी, अचानक तेज झटका लगा और वह बीच में ही रुक गई। काफी कोशिशों के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। अंदर फंसे लोगों ने अलार्म और कॉल बटन दबाया, लेकिन तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। परिजनों का आरोप है कि लिफ्ट का पंखा भी काम नहीं कर रहा था, जिससे बंद डिब्बे जैसी स्थिति बन गई। बच्चे को घबराहट होने लगी और उसे सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। बुजुर्ग महिला की भी हालत खराब होने लगी। अंदर बैठे लोग लगातार मदद के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन समय पर राहत नहीं मिली।
मेंटेनेंस पर सवाल, पुलिस से की गई शिकायत
आवाज सुनकर पास से गुजर रहे एक निवासी ने अन्य लोगों को सूचना दी, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए और प्रबंधन को खबर दी गई। आरोप है कि मेंटेनेंस स्टाफ मौके पर देर से पहुंचा। सुरक्षा कर्मियों ने भी लिफ्ट खोलने में असमर्थता जताई और कहा कि उन्हें तकनीकी जानकारी नहीं है। करीब आधे घंटे बाद लिफ्ट को हाथ से चलाकर खोला गया और चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ नाराजगी जताई और कहा कि पहले भी लिफ्ट अटकने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। पीड़ित परिवार ने बिसरख थाना में लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी ने कहा है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






