नोएडा में होली से पहले खाद्य विभाग का ताबड़तोड़ अभियान, होटल संचालकों व पनीर विक्रेताओं में खलबली, कई जगह लिए सैंपल

top-news
नोएडा में होली से पहले नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़े पैमाने पर छापेमारी कर सात खाद्य नमूने लिए। डेयरी, होटल और तेल निर्माण इकाइयों की जांच की गई। नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, गड़बड़ी मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोएडा में होली पर गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को पूरे जनपद में व्यापक छापेमार अभियान चलाया। देर रात तक चली इस कार्रवाई से होटल संचालकों और पनीर व मावा बेचने वाले व्यापारियों में खलबली मच गई। विभाग का साफ कहना है कि त्योहार पर आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अलग-अलग टीमों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानों, डेयरी और निर्माण इकाइयों की जांच की। इस दौरान कुल सात नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट में कमी मिलने पर संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


सब्जी मंडी से लेकर एक्सप्रेसवे तक चली जांच

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर 12 स्थित सब्जी मंडी में प्रतिष्ठा द डेयरी से खोया का एक नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविन्द्र नाथ वर्मा और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर 143 स्थित बी टी डब्लू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से चमचम और पनीर के नमूने एकत्र किए। इसी टीम ने देर रात 16 किलोमीटर यमुना एक्सप्रेसवे पर सबलपुर अलीगढ़ की सुशील डेयरी की गाड़ी को रोककर जांच की। दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर का भी नमूना लिया गया। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर दस्तावेजों की भी जांच की गई, जिससे कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


तेल निर्माण इकाई और रेस्टोरेंट भी जांच के दायरे में

खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस के पांडेय और ओ पी सिंह की टीम ने सेक्टर 37 स्थित सोहो किचेन एंड कंपनी से पिज्जा सॉस का नमूना लिया। वहीं सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय गोरखपुर के नेतृत्व में अंतर्जनपदीय टीम ने कासना, ग्रेटर नोएडा के साइट 5 यूपीएसआईडीसी स्थित अल्टीमेट सॉल्यूशन नामक खाद्य तेल निर्माण इकाई से सरसों और नारियल तेल के नमूने लिए। विभाग के अनुसार सभी सात नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। यदि जांच में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने साफ किया कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि बाजार में मिलावटी सामान की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *