ग्रेटर नोएडा में पहला श्रमिक सुविधा केंद्र शुरू, दादरी विधायक ने किया शुभारंभ, उद्योगों और श्रमिकों को होगा ये लाभ

top-news
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में पहले श्रमिक सुविधा केंद्र का उद्घाटन हुआ है। केंद्र में कारीगरों के लिए बैठने, शौचालय और रसोई की सुविधा दी गई है। यह पहल श्रमिकों और उद्योगों को जोड़ने का माध्यम बनेगी और रोजगार प्रक्रिया को आसान करेगी।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईकोटेक-3 में सोमवार को पहले श्रमिक सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया है। यह केंद्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा तैयार कराया गया है, जिसका उद्देश्य कुशल कारीगरों और उद्योगों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है। उद्घाटन के दौरान प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय भी मौजूद रहे। विधायक ने केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी उद्यमी संगठन को सौंपते हुए कहा कि यह पहल श्रमिकों को सम्मान और उद्योगों को सुविधा दोनों देगी। उद्घाटन के मौके पर मौजूद श्रमिकों में भी उत्साह देखने को मिला।


चार माह में तैयार हुआ केंद्र, कारीगरों को मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

यह श्रमिक सुविधा केंद्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-3 द्वारा तैयार कराया गया है। सेक्टर ईकोटेक-3 स्थित उद्योग केंद्र-2 में पानी की टंकी के पास लगभग दस लाख रुपये की लागत से चार माह में इसका निर्माण पूरा हुआ। केंद्र में महिला और पुरुष कारीगरों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था, शौचालय और रसोई जैसी मूलभूत सुविधाएं दी गई हैं। रोजगार की तलाश में आने वाले श्रमिक यहां सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में इंतजार कर सकेंगे। इससे उन्हें सड़कों या खुले स्थानों पर खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


रजिस्टर व्यवस्था से सीधे जुड़ेगे उद्यमी और श्रमिक

केंद्र में दो रजिस्टर रखे जाएंगे। पहले रजिस्टर में श्रमिकों के नाम और संपर्क विवरण दर्ज होंगे, जबकि दूसरे में उद्यमियों की जरूरत के अनुसार काम का प्रकार और श्रमिकों की संख्या लिखी जाएगी। इससे उद्योगों को अपनी आवश्यकता के अनुसार कुशल कारीगर आसानी से मिल सकेंगे। केंद्र के संचालन और जानकारी श्रमिकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन को सौंपी गई है। विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि यह केंद्र श्रमिकों और उद्योगों के बीच सेतु का काम करेगा। उन्होंने इस पहल के लिए प्राधिकरण की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को शॉल और मिठाई भेंट कर सम्मानित भी किया गया। मौके पर परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और प्रबंधक प्रशांत समाधिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *