एयरपोर्ट प्रभावित किसानों के लिए खुशखबरी, बच्चों को मिलेगी नौकरी, जेवर विधायक ने अधिकारियों संग बैठक कर दिए निर्देश

top-news
जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रभावित किसानों के परिवारों को रोजगार देने पर अहम बैठक हुई। विधायक धीरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया से नौकरी दिलाने के निर्देश दिए है। संबंधित एजेंसियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित किसानों के परिवारों को रोजगार दिलाने के मुद्दे पर सोमवार देर शाम रबूपुरा स्थित कैंप कार्यालय में अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता धीरेंद्र सिंह ने की। इसमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल), यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) और यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने साफ कहा कि जिन किसानों ने अपनी पुश्तैनी जमीन एयरपोर्ट निर्माण के लिए दी है, उनके परिवारों को रोजगार देना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र किसान परिवारों के बच्चों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत जल्द नौकरी दिलाई जाए।


पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया पर जोर

बैठक में रोजगार प्रक्रिया की रूपरेखा, पात्रता मानकों और चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका कहना था कि किसानों ने क्षेत्र के विकास के लिए बड़ा त्याग किया है, इसलिए उनके परिवारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एक स्पष्ट गाइडलाइन तैयार कर पात्र अभ्यर्थियों की सूची बनाई जाए और चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए, ताकि किसी तरह का विवाद न हो।


अधिकारियों ने दिया भरोसा

बैठक में यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह, एसीईओ शैलेंद्र भाटिया, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी एचपी सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग की ओर से एसीपी जेवर सार्थक सेंगर और कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह भी मौजूद थे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि रोजगार प्रक्रिया को जल्द अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस पहल से एयरपोर्ट प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *