तेलंगाना के FCDA प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा का किया दौरा, इंफ्रास्ट्रक्चर नीतियों की ली जानकारी

top-news
ग्रेटर नोएडा में तेलंगाना की फ्यूचर सिटी डेवलपमेंट अथॉरिटी का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। अधिकारियों ने जमीन अधिग्रहण, मास्टर प्लान और औद्योगिक नीतियों की जानकारी साझा की। प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटीजीएनएल टाउनशिप का भ्रमण कर इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल की सराहना की।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तेलंगाना सरकार की फ्यूचर सिटी डेवलपमेंट अथॉरिटी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हैदराबाद के पास एक नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है और उसी सिलसिले में वे यहां की कार्यप्रणाली समझने आए हैं। ग्रेटर नोएडा को देश के सफल नियोजित शहरों में गिना जाता है, इसलिए जमीन अधिग्रहण से लेकर आवंटन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास तक की पूरी प्रक्रिया जानने में उनकी खास रुचि रही। अधिकारियों ने विस्तार से बताया कि किस तरह चरणबद्ध तरीके से सेक्टर विकसित किए जाते हैं और निवेशकों को आकर्षित किया जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की प्लानिंग और बुनियादी ढांचे को करीब से समझने के लिए विभिन्न विभागों के साथ लंबी बैठक की।


जमीन अधिग्रहण से औद्योगिक नीति तक साझा हुई जानकारी

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ N G Ravi Kumar के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को मास्टर प्लान, सेक्टर ले-आउट, बिल्डिंग बायलॉज और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे और लाभों की भी जानकारी साझा की गई। वित्त विभाग की ओर से स्ववित्त पोषित मॉडल पर प्रस्तुति दी गई, जिसमें बताया गया कि प्राधिकरण किस तरह अपने संसाधनों से विकास कार्यों को आगे बढ़ाता है। उद्योग विभाग ने औद्योगिक नीतियों, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं और आवंटन प्रक्रिया को समझाया, ताकि तेलंगाना की प्रस्तावित टाउनशिप में इन अनुभवों का लाभ उठाया जा सके।


आईआईटीजीएनएल टाउनशिप का किया भ्रमण

प्रतिनिधिमंडल ने IITGNL के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भी दौरा किया। यहां प्लग एंड प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और बिजली-पानी की 24 घंटे उपलब्धता जैसी सुविधाओं को देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि किस तरह व्यवस्थित प्लानिंग और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर निवेशकों को आकर्षित करता है। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की और कहा कि यहां से मिली जानकारी तेलंगाना में नई टाउनशिप बसाने में काफी उपयोगी साबित होगी। माना जा रहा है कि राज्यों के बीच इस तरह के अनुभव साझा करने से योजनाबद्ध शहरी विकास को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *