ग्रेटर नोएडा में एनकाउंटर, नितिन हत्याकांड का आरोपी घायल, पुलिस ने पैर में गोली मार किया लंगड़ा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
- Shiv Kumar
- 25 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में दिनदहाड़े हुई नितिन नागर की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी मोनू से ईकोटेक-1 थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार विशेष चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध की पहचान होने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर आरोपी ने कथित रूप से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुरानी रंजिश में हुई थी नितिन की हत्या
मंगलवार को लुक्सर गांव में नितिन नागर की घर के बाहर गोली मारकर और चाकू से वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां कैद बताई गई हैं। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते सचिन, जीते और मोनू ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया था। मृतक की पत्नी श्वेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
दो आरोपी पहले गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा Sudhir Kumar ने बताया कि नितिन नागर हत्याकांड में फरार आरोपी मोनू की गिरफ्तारी के प्रयास में यह मुठभेड़ हुई। उन्होंने कहा कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






