गौतमबुद्धनगर में उद्योग बन्धु समिति की बैठक, अफसरों की गैरहाजिरी पर जिलाधिकारी सख्त, मांगी रिपोर्ट
- Shiv Kumar
- 25 Feb, 2026
जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति और जिला एमआईयू की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के औद्योगिक माहौल को अधिक सुगम, सुरक्षित और मजबूत बनाना तथा उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रमुख उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक गतिविधियां किसी भी प्रशासनिक ढिलाई की वजह से प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों की शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा में हो और उसकी लिखित जानकारी बैठक से पहले उपलब्ध कराई जाए, ताकि समीक्षा ठोस और परिणाम देने वाली बन सके।
अधिकारियों की गैरहाजिरी पर नाराजगी
बैठक के दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के वर्क सर्कल एसीईओ और ओएसडी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि शासन को अवगत कराया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोहराई नहीं जानी चाहिए। उद्यमियों ने अतिक्रमण, यातायात जाम, कूड़ा निस्तारण, पार्किंग, सड़कों की खराब हालत, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, जीएसटी संबंधी दिक्कतें और जल आपूर्ति जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने और जरूरत पड़ने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया।
सफाई, शौचालय और आधारभूत सुविधाओं पर जोर
कूड़ा निस्तारण की समस्या पर जिलाधिकारी ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अधिकारियों को क्षेत्रवार तैनात सफाई कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी हो और बार-बार अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। चिन्हित कूड़ादान स्थलों पर संबंधित कर्मचारी और वाहन चालक के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि देरी होने पर सीधे सूचना दी जा सके।
महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उद्यमी क्षेत्रों में शौचालयों के रखरखाव और आवश्यकता अनुसार नए निर्माण के निर्देश दिए गए। सभी सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालय 24 घंटे संचालित रहें, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने किया। विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






