सीएम योगी के सिंगापुर दौरे से यूपी को तोहफा, जेवर को मिले दो बड़े प्रोजेक्ट, 4 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश करेगी AI सैट्स
- Shiv Kumar
- 25 Feb, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश का बड़ा तोहफा मिला है। सीएम योगी की मौजूदगी में राज्य सरकार ने एविएशन सर्विस सेक्टर की अग्रणी कंपनी AISATS के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत कंपनी जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डापर दो बड़ी परियोजनाएं स्थापित करेगी—एक अत्याधुनिक कार्गो कैंपस और दूसरी विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन। इन दोनों परियोजनाओं पर कंपनी करीब 4458 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। सरकार का मानना है कि यह निवेश न सिर्फ एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाएगा, बल्कि प्रदेश को लॉजिस्टिक्स और एविएशन सेक्टर में नई पहचान भी दिलाएगा।
जेवर एयरपोर्ट बनेगा नॉर्थ इंडिया का कार्गो हब
एमओयू के तहत एआई सैट्स जेवर एयरपोर्ट परिसर में अत्याधुनिक कार्गो कैंपस का निर्माण करेगी। यह कैंपस उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एयर फ्रेट और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और कृषि उत्पाद जैसे क्षेत्रों को निर्यात-आयात में बड़ी सुविधा मिलेगी। मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के साथ विकसित हो रहा जेवर एयरपोर्ट सड़क, रेल और एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय व्यापार का रणनीतिक हब बन सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से प्रदेश की औद्योगिक प्रतिस्पर्धा क्षमता में भी इजाफा होगा।
विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन से रोजगार को बढ़ावा
दूसरी बड़ी परियोजना के तहत एयरपोर्ट परिसर में आधुनिक एयर कैटरिंग किचेन स्थापित की जाएगी। यहां तैयार भोजन केवल जेवर एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उत्तर भारत के अन्य एयरपोर्ट्स पर भी सप्लाई किया जाएगा। इससे फूड प्रोसेसिंग और सप्लाई चेन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। सरकार का अनुमान है कि इन परियोजनाओं से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। प्रदेश में निवेश आकर्षित करने की दिशा में यह एमओयू एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






