नोएडा स्थित उत्तराखंड पब्लिक स्कूल की मान्यता रद्द, 400 से ज्यादा बच्चों के भविष्य पर संकट, महिला टीचरों की शिकायत पर एक्शन
- Shiv Kumar
- 25 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-56 स्थित उत्तराखंड पब्लिक स्कूल पर बड़ी कार्रवाई हुई है। CBSE ने स्कूल की कक्षा 9वीं से 12वीं तक की मान्यता रद्द कर दी है। पिछले वर्ष स्कूल प्रबंधन पर महिला शिक्षिकाओं ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट और जिला विद्यालय निरीक्षक को जांच सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में कई आरोपों की पुष्टि हुई थी। प्रशासन ने कार्रवाई के लिए सीबीएसई को पत्र भी भेजा था। बाद में शिकायतकर्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीएसई ने जांच कर 18 फरवरी को आदेश जारी करते हुए 9वीं से 12वीं तक की मान्यता समाप्त कर दी।
बोर्ड परीक्षार्थियों की परीक्षा जारी रहेगी
स्कूल में कक्षा 9 से 12 तक तीन-तीन सेक्शन में करीब 400 छात्र अध्ययनरत हैं। 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी फिलहाल बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक Rajesh Kumar Singh ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल हैं, वे अपनी परीक्षा पूरी करेंगे। कक्षा 8 तक की मान्यता पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। वहीं 9वीं और 11वीं के छात्रों को सीबीएसई अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में समायोजित करेगा, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो। अभिभावकों में इस फैसले को लेकर चिंता और राहत दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखी जा रही हैं।
वेतन और बकाया भुगतान को लेकर लगे थे आरोप
जांच के दौरान शिक्षकों के वेतन से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए थे। रिपोर्ट में बताया गया कि शिक्षकों का करीब 91 लाख रुपये बकाया था, जिसमें से केवल 68 लाख रुपये का भुगतान किया गया। शेष राशि अब भी लंबित बताई गई। आरोप यह भी था कि वेतन बैंक खाते में देने के बाद उसका एक हिस्सा नगद में वापस लिया जाता था, जिसे नोएडा प्राधिकरण में बकाया के रूप में जमा किया जाता था। इन तथ्यों के सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। अब सीबीएसई की कार्रवाई के बाद स्कूल प्रबंधन पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






