ग्रेटर नोएडा में होली से पहले खाद्य विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन, 200 किलो मिलावटी पनीर नष्ट, विभाग की चेतावनी- नहीं बचेगा कोई

top-news
ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 200 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट किया। नोएडा में भी खोया के नमूने लिए गए। होली से पहले विशेष अभियान चलाकर मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

होली पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने ग्रेटर नोएडा में बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है। विभाग की टीम ने तिलपता गांव स्थित चौधरी पनीर भंडार पर छापा मारकर करीब 200 किलोग्राम मिलावटी और दूषित पनीर जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद तत्काल सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, ताकि बाजार में इसकी बिक्री न हो सके। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए विशेष अभियान चलाकर लगातार जांच की जा रही है, ताकि लोगों की सेहत से खिलवाड़ न हो।


नाले में नष्ट किया गया पनीर, तीन नमूने जांच को भेजे

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार और सैयद इब्दुल्लाह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने पनीर का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए सुरक्षित किया और शेष करीब 200 किलो पनीर को गांव के पास नाले में डालकर नष्ट कर दिया। इसी अभियान के तहत नोएडा में भी जांच की गई। सेक्टर-45 स्थित गणेशपुरम रेस्टोरेंट और सेक्टर-93 स्थित गोपाल स्वीट्स से खोया के नमूने लिए गए। कुल तीन नमूने लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।


होली से पहले सख्ती, मिलावटखोरों को चेतावनी

खाद्य सुरक्षा उपयुक्त Sarvesh Kumar ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। होली जैसे बड़े त्योहार पर मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावट की आशंका भी रहती है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले। उन्होंने दोहराया कि किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *