नोएडा में जिस स्कूल की मान्यता रद्द, उस पर 24 करोड़ रुपये बकाया, अब प्राधिकरण ले सकता है एक्शन, हो सकती है सीलिंग की कार्रवाई
- Shiv Kumar
- 25 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-56 स्थित उत्तरखंड पब्लिक स्कूल का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता दिख रहा है। नोएडा प्राधिकरण के अनुसार स्कूल प्रबंधन पर करीब 24 करोड़ रुपये बकाया हैं। भुगतान न होने की स्थिति में स्कूल को सील करने की चेतावनी दी गई है। इस स्कूल में करीब 1500 छात्र पढ़ते हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। इससे पहले अप्रैल 2023 में भी बकाया राशि को लेकर स्कूल को सील किया गया था। उस समय प्रबंधन ने दो किस्तों में रकम जमा करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद सील हटाई गई थी, लेकिन अब तक पूरा भुगतान नहीं हुआ।
मान्यता रद्द, सिर्फ आठवीं तक कक्षाएं
मामला और गंभीर तब हो गया जब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने नौवीं से 12वीं तक की मान्यता रद्द कर दी। अब यहां केवल आठवीं तक की कक्षाएं संचालित हो सकेंगी। प्राधिकरण के मुताबिक लीज रेंट के रूप में 2 करोड़ 16 लाख 60 हजार रुपये और जमीन की किस्तों के रूप में करीब 22 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये बकाया हैं। बताया गया कि 1991 में 3549 वर्गमीटर जमीन 20 प्रतिशत भुगतान पर आवंटित की गई थी। 80 प्रतिशत राशि किस्तों में देनी थी, लेकिन कथित तौर पर एक भी किस्त जमा नहीं की गई।
सीलिंग की चेतावनी फिर जारी
प्राधिकरण ने बताया कि 3 सितंबर 2020 को भूमि आवंटन रद्द कर दिया गया था, लेकिन कोविड काल में कार्रवाई टाल दी गई। 2023 में कई नोटिस जारी किए गए और 24 अप्रैल 2023 को स्कूल सील भी किया गया था। अब एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने साफ कहा है कि यदि बकाया जल्द जमा नहीं किया गया तो फिर से सीलिंग की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि भुगतान होते ही राहत दी जा सकती है, अन्यथा नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






