ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में 26 फरवरी से 1 मार्च तक चार दिवसीय भव्य पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन होने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह आयोजन किया जा रहा है और खास बात यह है कि इसमें प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। शहरवासियों को इस बार पहले से ज्यादा रंग-बिरंगे और आकर्षक फूलों की सजावट देखने को मिलेगी। पार्क को खास थीम के साथ सजाया जा रहा है और अलग-अलग आकृतियों के फ्लावर स्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे हैं। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि आगंतुकों को एक यादगार अनुभव मिल सके।
फूलों से सजेगी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी, ड्रोन शो भी पहली बार
इस वर्ष प्रदर्शनी में एक लाख से अधिक मौसमी फूलों को सजाया जाएगा। थीम फ्लावर कैलेंडुला रखा गया है, जिसकी खास झलक पूरे पार्क में दिखाई देगी। फूलों से निर्मित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की आकृति, जिसमें भारत माता के माथे पर तिलक लगाते दृश्य को दर्शाया जाएगा, मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अलावा राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर और हार्ट शेप डिजाइन भी लोगों का ध्यान खींचेंगे। सबसे खास बात यह है कि इस बार पहली बार ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है, जो शाम के समय आसमान में रंगीन रोशनी और आकृतियों के जरिए दर्शकों को रोमांचित करेगा। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स की झलक भी देखने को मिलेगी, जिससे यह आयोजन पारंपरिक और आधुनिकता का सुंदर संगम बनेगा।
छात्रों को मिलेगा मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भरमार
प्रदर्शनी में शहर के स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण और कबाड़ के पुनर्चक्रण का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा नृत्य, संगीत, कविता पाठ और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी। आगंतुकों के लिए खाने-पीने के स्टॉल लगाए जाएंगे ताकि परिवार के साथ आए लोग पूरा दिन आनंद ले सकें। पार्क की सजावट जोरों पर है। फव्वारों को दुरुस्त किया जा रहा है और अलग-अलग कलात्मक स्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने 40 गोलचक्करों, 45 हरित क्षेत्रों और 17 सेंट्रल वर्ज को एडॉप्शन पर देकर वहां भी कैलेंडुला के पौधे लगाए हैं, जिससे पूरे शहर में रंगों की बहार नजर आएगी।






