ग्रेटर नोएडा में ओवरस्पीडिंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन, 50 से अधिक काटे चालान, वाहन चालक हाथ जोड़े आए नजर
- Shiv Kumar
- 27 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा-दादरी के एनएच-91 पर लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। चिटहेरा बाईपास, बील अकबरपुर, कोट और बादलपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस का कहना है कि इन इलाकों में ओवरस्पीडिंग की वजह से कई गंभीर दुर्घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों की जान पर बन आई। इसी को ध्यान में रखते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और नियम तोड़ने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने हाईवे पर स्पीड लिमिट 60 किमी प्रति घंटा तय होने की जानकारी भी वाहन चालकों को दी और सख्ती से इसका पालन कराने की बात कही।
चार दर्जन से अधिक वाहनों के कटे चालान
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड गन और अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से वाहनों की रफ्तार मापी। तय सीमा से अधिक गति में चल रहे वाहनों को रोका गया और उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान चार दर्जन से अधिक वाहनों के चालान काटे गए। कई वाहन चालकों को मौके पर ही चेतावनी देकर भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि ओवरस्पीडिंग सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हादसों पर लगाम लगाने के लिए जारी रहेगा अभियान
ट्रैफिक विभाग के अनुसार एनएच-91 पर बीते दिनों में कई हादसे सामने आए, जिनमें तेज रफ्तार मुख्य वजह रही। इसी कारण यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर निर्धारित 60 किमी प्रति घंटा की स्पीड लिमिट का पालन करें और लापरवाही से वाहन न चलाएं। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन ही सुरक्षित सफर की गारंटी है। आने वाले दिनों में और सख्ती की जाएगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






