ग्रेटर नोएडा में पीवीसी पैनल बनाने वाली दुकान में लगी भीषण आग, फर्स्ट फ्लोर पर फंसा कर्मचारी, दमकलकर्मियों ने बचाया

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी में पीवीसी पैनल बनाने वाली दुकान में आग लग गई। दमकल विभाग ने तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया और पहली मंजिल पर फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पीवीसी पैनल बनाने वाली दुकान में अचानक आग लग गई। घटना बिसरख थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां दोपहर करीब 12 बजे दुकान के ग्राउंड फ्लोर से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। शुरुआती तौर पर एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भीषणता को देखते हुए दो और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू शुरू कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


पहली मंजिल पर फंसे व्यक्ति को सीढ़ी से निकाला गया

दमकलकर्मियों को मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि दुकान की पहली मंजिल पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है। आग ग्राउंड फ्लोर पर रखे फर्नीचर और अन्य सामान के कारण तेजी से फैल रही थी, जिससे धुआं ऊपर की मंजिल तक पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल टीम ने तुरंत सीढ़ी (पेडलर) लगाकर छत के रास्ते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।


आधे घंटे में आग पर काबू, जांच जारी

करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि दुकान में रखा सामान काफी हद तक जल गया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और रेस्क्यू के साथ आग बुझाने का काम सफलतापूर्वक पूरा किया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *