ग्रेटर नोएडा में पुलिस एनकाउंटर, दो बदमाशों को लगी गोली, गोकशी की साजिश में शामिल 5 आरोपी गिरफ्तार

top-news
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हुए और गोवध साजिश में पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए। मौके से अवैध हथियार और उपकरण बरामद हुए हैं।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान रोनिजा कट के पास एक ऑटो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर ऑटो सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कॉम्बिंग के दौरान कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी गोवध की साजिश में शामिल थे और पहले से दर्ज एक मामले में वांछित चल रहे थे।


फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दो आरोपी घायल

पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान सैयद अमीन (35) निवासी शाहीनबाग, नई दिल्ली और गोरामिया (32) निवासी नूंह, हरियाणा गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। मौके से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाए और अन्य साथियों की तलाश शुरू की।


कॉम्बिंग में तीन और गिरफ्तार, उपकरण बरामद

कॉम्बिंग के दौरान मुन्सर कमाल (24), मौ. बिलाल (23) निवासी नूंह, हरियाणा और पुष्पेंद्र कुमार (24) निवासी मदनपुर खादर, दिल्ली को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से ऑटो के अलावा गोवध में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद हुए, जिनमें चाकू, सिरिंज, इंजेक्शन की शीशियां, आरी ब्लेड, लोहे का नुकीला सरिया, मोहरे, रस्सी और प्लास्टिक कट्टे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी पूर्व में गौवंश बरामदगी के मामले में दर्ज मुकदमे में वांछित थे। रबूपुरा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *