थार सवारों ने मोटरसाइकिल को 5 किलोमीटर तक घसीटा, पेट्रोल पंप से बिना पैसे दिए भागे, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
- Shiv Kumar
- 28 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक थार गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने पेट्रोल पंप से बिना भुगतान किए फरार होने की कोशिश की और पीछा करने पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक थार के आगे फंस गई और आरोपी उसे करीब 5 से 7 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए। इस दौरान मोटरसाइकिल में आग लग गई और उस पर सवार दो कर्मचारी घायल हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पेट्रोल भरवाकर ऑनलाइन पेमेंट का बहाना, फिर भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार घटना धूम मानिकपुर स्थित एक पेट्रोल पंप की है। थार सवार युवक गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के बाद ऑनलाइन भुगतान करने का बहाना बनाने लगे। इसी बीच उन्होंने अचानक गाड़ी तेज कर दी और मौके से भाग निकले। पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों को शक हुआ तो वे अपनी मोटरसाइकिल से उनके पीछे लग गए। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद थार सवारों ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों कर्मचारी सड़क पर गिरकर घायल हो गए, लेकिन बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई।
एनएच-91 पर घसीटते रहे बाइक, आग की लपटों से दहशत
टक्कर के बाद भी थार सवार नहीं रुके। वे मोटरसाइकिल को आगे फंसा होने के बावजूद एनएच-91 पर करीब 5 से 7 किलोमीटर तक घसीटते रहे। घर्षण के कारण बाइक में आग लग गई और सड़क पर दौड़ती गाड़ी से आग की लपटें उठती रहीं। राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है, जो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
लुहारली टोल के पास घेराबंदी, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही जारचा और कोट चौकी पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर लुहारली टोल प्लाजा के पास थार गाड़ी को रोक लिया। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






