ग्रेटर नोएडा से आई चौंकाने वाली घटना, साढ़े 6 क्विंटल मिलावटी पनीर बाजार में सप्लाई करने की थी योजना, खाद्य विभाग ने कराया नष्ट

top-news
गौतमबुद्धनगर में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर 650 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट किया। जेवर टोल पर पकड़े गए वाहन से नमूना लिया गया। अन्य स्थानों से भी चार सैंपल जांच के लिए भेजे गए।

होली पर्व से पहले गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 650 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई, जिसका मकसद त्योहार से पहले बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। देर रात जेवर टोल प्लाजा पर टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका, जिसमें भारी मात्रा में पनीर सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। जांच में पनीर मिलावटी और अस्वास्थ्यकर पाया गया।


जेवर टोल पर पकड़ा गया मिलावटी पनीर से भरा वाहन

26/27 फरवरी की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने पुलिस के सहयोग से जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक गाड़ी को रोका गया, जो पूठपुरा उजावली, फतेहाबाद (आगरा) स्थित होरी लाल की डेयरी से शुद्ध गढ़वाल डेयरी, पहाड़गंज (नई दिल्ली) के लिए पनीर की खेप लेकर जा रही थी। जांच में पनीर का स्वाद कसैला पाया गया और उसके भंडारण की स्थिति भी मानकों के अनुरूप नहीं थी। टीम ने तत्काल पनीर का नमूना लेकर करीब 650 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान मांग बढ़ने पर मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


अन्य स्थानों से भी लिए गए नमूने, जांच जारी

अभियान के तहत जिले के अन्य इलाकों में भी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा और एस.के. पांडेय की टीम ने टप्पल रोड, जेवर स्थित गणपत ट्रेडर्स से सरसों के तेल का नमूना लिया। वहीं गिझोड़ सेक्टर-53 स्थित बी.के.एस. ट्रेडर्स से नमकीन का नमूना एकत्र किया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और सैयद इबादुल्लाह की टीम ने दादरी स्थित सुगन एग्रो फूड्स से सरसों के तेल का सैंपल लिया। कुल चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


त्योहार तक जारी रहेगा विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *