ग्रेटर नोएडा में फिर बड़ा हादसा, गंगा नहर में गिरा 4 साल का बच्चा, खेलते समय हुआ हादसा
- Shiv Kumar
- 28 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के दौला रजपुरा गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। चार साल का अदनान खेलते समय गंग नहर में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से ही परिवार और ग्रामीण सदमे में हैं। देर रात तक स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बच्चे की तलाश की, लेकिन शनिवार सुबह तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को सूचना दी है, ताकि विशेष उपकरणों की मदद से सर्च अभियान तेज किया जा सके।
नारियल पकड़ने की कोशिश में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार गांव निवासी इसरार का बेटा अदनान (4) अपने बड़े भाई के साथ घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान नहर में एक नारियल बहता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि नारियल पकड़ने के लिए बड़ा भाई नहर में उतर गया, जबकि अदनान किनारे खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक अदनान का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नहर में जा गिरा। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया।
रात भर चला सर्च ऑपरेशन, अंधेरा बना बाधा
घटना की जानकारी मिलते ही बड़े भाई ने परिवार को बताया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। दनकौर पुलिस ने तत्काल पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से रात भर सर्च अभियान चलाया। हालांकि अंधेरा और तेज बहाव के कारण तलाश में दिक्कतें आईं। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
एनडीआरएफ की मदद से तेज होगी तलाश
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचते ही विशेष उपकरणों के साथ नहर में सघन तलाश अभियान शुरू किया जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






