विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करते थे ठगी, पुलिस का माथा ठनका, दो शातिरों को दबोचा

top-news
नोएडा के सेक्टर-126 थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जो फर्जी कंपनी और नकली दस्तावेजों के जरिए 100 से ज्यादा लोगों को शिकार बना चुके थे।

नोएडा के सेक्टर-126 थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को ऊंची सैलरी, फ्री वीज़ा, फ्री टिकट और तत्काल जॉइनिंग का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। जांच में सामने आया है कि अब तक 100 से ज्यादा लोगों को विदेश भेजने के नाम पर शिकार बनाया जा चुका है। गिरोह ने करीब 70 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है। आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और वे अपनी पहचान छुपाने के लिए सिर्फ व्हाट्सएप कॉल का इस्तेमाल करते थे।


फर्जी कंपनी बनाकर देते थे नकली ऑफर लेटर

पुलिस के मुताबिक आरोपी भविष्य की प्रकाश जनशक्ति’ नाम से फर्जी कंपनी चलाते थे। लैपटॉप के जरिए विदेशी कंपनियों के नाम पर आकर्षक जॉब विज्ञापन तैयार किए जाते थे और उन्हें WhatsApp ग्रुप, Telegram चैनल और Facebook पेज पर पोस्ट किया जाता था। संपर्क करने पर पीड़ितों को नकली ऑफर लेटर भेजा जाता था। इतना ही नहीं, फर्जी वीज़ा और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट टिकट तक तैयार कर दिए जाते थे ताकि लोगों को भरोसा हो जाए। प्रोसेसिंग फीस, वीज़ा चार्ज, मेडिकल और एम्बेसी अप्रूवल के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी। कई मामलों में आरोपियों ने पीड़ितों के पासपोर्ट भी अपने कब्जे में लेकर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठे।


नंबर बदलकर हो जाते थे फरार, कई राज्यों में फैला नेटवर्क

जांच के दौरान जब्त मोबाइल फोन की पड़ताल में दर्जनों राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जॉब ग्रुपों से कनेक्शन मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पैसा मिलने के बाद आरोपी अपना नंबर बदल लेते थे या ठिकाना बदलकर फरार हो जाते थे। गिरोह का साइबर ठगी नेटवर्क कई राज्यों में फैला था और लगातार नए शिकार तलाशे जाते थे। सेक्टर-126 थाना पुलिस अब अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी अनजान एजेंसी को पैसे देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *