नोएडा के 1080 जगहों पर होगा होलिका दहन, 10 जोन और 26 सेक्टरों में बांटा गया पूरा शहर, 45 संवेदनशील स्पॉट, IT टीम अलर्ट

top-news
गौतमबुद्ध नगर में होली के लिए पुलिस हाई अलर्ट पर है। 1080 स्थानों पर होलिका दहन को देखते हुए 10 जोन, 26 सेक्टर, क्यूआरटी और पीएसी तैनात की गई है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन निगरानी और अस्पतालों में विशेष चिकित्सा व्यवस्था की गई है।

नोएडा में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जनपद में इस बार 1080 स्थानों पर होलिका दहन प्रस्तावित है, जिसे देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने पूरे जिले को 10 जोन और 26 सेक्टरों में बांटकर हर क्षेत्र में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं और आमजन से भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।


10 जोन में बंटा जिला, क्यूआरटी और पीएसी की तैनाती

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 26 मोबाइल क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) और 4 प्लाटून पीएसी तैनात की हैं। जिले में 45 संवेदनशील और हॉटस्पॉट स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। अब तक 165 से अधिक शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर स्थानीय लोगों, धार्मिक नेताओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जाएगा। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाएगी और भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की भी तैयारी की गई है।


हुड़दंग, नशे में ड्राइविंग पर सख्ती, अस्पताल भी तैयार

होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस ब्रेथ एनालाइजर के साथ सड़कों पर मौजूद रहेगी। जबरन रंग लगाने, छेड़छाड़ या हुड़दंग की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला अस्पताल में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं और आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। त्वचा, नेत्र, ईएनटी, हड्डी, सर्जरी और शिशु रोग विशेषज्ञ ऑन कॉल रहेंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी आपातकालीन व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *