ग्रेटर नोएडा में विदेशी नागरिक ने डिलीवरी बॉय से की मारपीट, पैसे मांगने पर नाईजीरियाई युवक ने बदसलूकी की

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू सोसाइटी में भुगतान विवाद को लेकर एक विदेशी किरायेदार पर डिलीवरी बॉय से मारपीट का आरोप लगा है। घटना के बाद निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और फ्लैट खाली कराने के निर्देश दिए हैं।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक रिहायशी सोसाइटी में डिलीवरी बॉय से मारपीट का मामला सामने आने के बाद हंगामा मच गया। मामला थाना बिसरख क्षेत्र की समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू हाउसिंग सोसाइटी का है, जहां एक नाइजीरियाई नागरिक पर भुगतान को लेकर विवाद के बाद डिलीवरी कर्मी से हाथापाई करने का आरोप लगा है। घटना देर शाम की बताई जा रही है। शोर-शराबा सुनकर जब अन्य निवासी मौके पर पहुंचे तो माहौल और गरमा गया। नाराज लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला, लेकिन सोसाइटी में तनाव का माहौल बना रहा।


भुगतान मांगने पर विवाद, बीच-बचाव करने वालों से भी दुर्व्यवहार

जानकारी के मुताबिक, सोसाइटी के एक फ्लैट में रहने वाले विदेशी युवक इस्माइल मंजूर ने ऑनलाइन सामान मंगवाया था। जब डिलीवरी बॉय ने भुगतान मांगा तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने पर युवक ने डिलीवरी कर्मी के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन उनसे भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। इससे सोसाइटी के लोगों में आक्रोश फैल गया। निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी कई बार उसके व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ अन्य विदेशी युवक उसे समझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।


निवासियों का विरोध, किरायेदार को हटाने की मांग

घटना से नाराज लोगों ने सोसाइटी परिसर में एकत्र होकर विरोध जताया और संबंधित किरायेदार को तत्काल बाहर करने की मांग की। उनका आरोप है कि युवक पिछले करीब एक साल से यहां रह रहा है और अक्सर झगड़े करता है। यह भी कहा गया कि फ्लैट मालिक ने बिना सोसाइटी प्रबंधन को सूचना दिए उसे किराए पर रखा था। कुछ निवासियों ने यह भी दावा किया कि शुरुआत में उसे बीमार बताकर फ्लैट दिलाया गया, लेकिन बाद में वह परिवार के साथ रहने लगा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और नियमों की अनदेखी को लेकर भी लोग नाराज थे।


पुलिस ने कराया शांत, फ्लैट खाली कराने के निर्देश

थाना बिसरख प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक मेडिकल वीजा पर भारत आया है और एक डॉक्टर का फ्लैट किराए पर लिया है। भुगतान को लेकर ही विवाद हुआ था। पुलिस ने फ्लैट मालिक से बातचीत कर किरायेदार को घर खाली कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *