ईरान-इजराइल जंग के बाद दुबई में हालात खराब, एयरपोर्ट किया गया बंद, नोएडा से गए कारोबारी ने बताया आंखों देखा हाल, कहा- ब्लास्ट की आवाज से हिली बिल्डिंग
- Shiv Kumar
- 02 Mar, 2026
खाड़ी देशों में जारी युद्ध जैसे हालातों के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई लोग दुबई में मौजूद हैं। ग्रेटर नोएडा निवासी अभिनेत्री सोनल चौहान के अलावा नोएडा सेक्टर-12 के कारोबारी दीपक विज भी इन दिनों दुबई में हैं। दीपक विज 24 फरवरी को अपने परिवार से मिलने दुबई गए थे। उनके बेटे और बहू वहीं रहते हैं और हाल ही में उनके घर पोते का जन्म हुआ है। ऐसे में वह परिवार के साथ समय बिताने पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। परिजनों और परिचितों की चिंता लगातार बढ़ी हुई है, हालांकि वहां मौजूद लोग खुद को सुरक्षित बता रहे हैं।
मिसाइलें हवा में रोकी गईं, धमाकों से दहशत
दीपक विज ने बताया कि शनिवार को हालात काफी तनावपूर्ण थे। कई मिसाइलों को हवा में ही रोककर नष्ट किया गया। दो से तीन स्थानों पर मिसाइल या उनके टुकड़े गिरे। उनका घर एक हवाई अड्डे से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर है। उन्होंने बताया कि तेज धमाकों की आवाज से घर के शीशे तक हिलने लगे थे। आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया था। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने तुरंत स्थिति संभाली और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। उस दिन देर रात तक लोग स्थिति को लेकर सतर्क रहे।
अब हालात सामान्य, भारतीय सुरक्षित
दीपक विज के अनुसार सोमवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य दिखाई दी। बाजार, मॉल और अस्पताल खुले हैं और सड़कों पर पहले की तरह यातायात चल रहा है। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे के संचालन को लेकर दोपहर बाद निर्णय लिया जाना था। उनकी वापसी की उड़ान 20 मार्च की है। उन्होंने यह भी कहा कि वहां रह रहे भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और अनावश्यक घबराहट की जरूरत नहीं है। इससे पहले अभिनेत्री सोनल चौहान ने भी प्रधानमंत्री को संदेश भेजकर दुबई में अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी थी और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की थी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






