नोएडा पुलिस ने लौटाए खोए हुए मोबाइल फोन, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, अलग-अलग कंपनियों के मिले 111 महंगे स्मार्टफोन
- Shiv Kumar
- 03 Mar, 2026
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सेंट्रल नोएडा जोन में सर्विलांस सेल और थाना फेस-2 पुलिस की टीम ने 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त श्री आरके गौतम व सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम श्री उमेश यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सभी मोबाइल अलग-अलग कंपनियों के कीमती स्मार्ट फोन थे, जिन्हें सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी निगरानी की मदद से ट्रेस किया गया। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
भीड़-भाड़ और यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा मोबाइल गुम
पुलिस के अनुसार अधिकतर मोबाइल भीड़-भाड़ वाले बाजारों, सब्जी मंडियों और साप्ताहिक बाजारों में सामान खरीदते समय नीचे झुकने या बैठने के दौरान गिर गए थे। कई मोबाइल ऑटो, टैक्सी, बस और मेट्रो ट्रेन में सफर करते समय छूट गए। कुछ मामलों में लोग बाइक चलाते समय मोबाइल को ढीले कपड़ों की जेब में रख लेते थे, जो स्पीड ब्रेकर पर गिर गए। सार्वजनिक पार्कों में खेलते या व्यायाम करते समय भी कई मोबाइल छूटे। पुलिस ने बताया कि इन सभी मामलों में संबंधित थानों में गुमशुदगी दर्ज थी, जिसके बाद तकनीकी सहायता से उनकी लोकेशन ट्रैक कर बरामदगी की गई।
शादी-ब्याह, धार्मिक स्थलों और कार्यक्रमों में भी लापरवाही
जांच में सामने आया कि कई मोबाइल शादी समारोह में बारात के दौरान नृत्य करते समय गिर गए या कार्यक्रम के बाद छूट गए। कुछ लोग नशे की हालत में मोबाइल गिराकर भूल गए। बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में अत्यधिक भीड़ के कारण भी मोबाइल गुम हुए। मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में भी कई लोगों के फोन छूटे पाए गए। कुछ मामलों में बच्चों ने खेल-खेल में मोबाइल कहीं छोड़ दिए थे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहें और मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने या सीईआईआर पोर्टल पर सूचना दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






