एटीएम बूथ पर लोगों को चकमा देकर बदल लेता था डेबिट कार्ड, फिर पार कर देता था रकम, धोखाधड़ी करने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा

top-news
नोएडा थाना फेस-2 पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले आरोपी अमीरुद्दीन को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 12 एटीएम कार्ड, चाकू और कार बरामद हुई। आरोपी अब तक 50 से ज्यादा लोगों से धोखाधड़ी कर चुका है।

नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अलग-अलग बैंकों के 12 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं, जिन्हें वह एटीएम पर पैसे निकालने आए लोगों से बदल लेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चाकू और एक वैगनार कार भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूर और कर्मचारी इसके निशाने पर रहते थे, जो महीने की सैलरी निकालने एटीएम पहुंचते थे।


मदद के बहाने बदल देता था कार्ड

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमीरुद्दीन पुत्र इमामुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को बहला-फुसलाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लेता था। आरोपी पहले ऐसे एटीएम बूथ की रेकी करता था जहां सुरक्षा गार्ड मौजूद न हो और आसपास औद्योगिक क्षेत्र हो। जैसे ही कोई व्यक्ति पैसे निकालने आता, आरोपी मदद करने के बहाने उसके पास पहुंच जाता। वह मशीन खराब होने का बहाना बनाकर या सहायता का भरोसा दिलाकर पीड़ित का पिन देख लेता और मौका मिलते ही असली कार्ड बदलकर नकली कार्ड थमा देता। इसके बाद दूसरे एटीएम से रकम निकाल ली जाती थी।


50 से ज्यादा लोगों को बना चुका शिकार

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक 50 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है। कई पीड़ितों से संपर्क किया जा रहा है और उनके खातों से निकाली गई रकम का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपना पिन गोपनीय रखें। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *