ग्रेटर नोएडा में किशोर के मुंह में घुसा सरिया, मेंटीनेंस टीम पर लापरवाही का आरोप, एक और बच्चा घायल

top-news
ग्रेटर नोएडा की अजनारा होम्स सोसायटी में होली खेलते समय 14 वर्षीय बच्चे के मुंह में नुकीला सरिया घुस गया। एक अन्य बच्चा भी घायल हुआ। दोनों को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोसायटी मेंटेनेंस टीम पर लापरवाही के आरोप लगे हैं।

ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में सोमवार रात होली खेलते समय बड़ा हादसा हो गया। 14 वर्षीय एक बच्चे के मुंह में नुकीला सरिया घुस गया, जबकि एक अन्य बच्चे के माथे पर भी सरिया लगने से वह घायल हो गया। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को तुरंत यथार्थ अस्पताल पहुंचाया, जहां आपातकालीन कक्ष में उनका इलाज शुरू किया गया। घायल बच्चे के मुंह से काफी खून बहने की बात सामने आई है, जिससे मौके पर मौजूद लोग घबरा गए थे।


मेंटेनेंस टीम पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद सोसायटी की मेंटेनेंस टीम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। निवासियों का कहना है कि हरियाली के लिए लगाए गए पौधों के चारों ओर पतले और नुकीले सरिए लगाए गए थे, जिन्हें खुला छोड़ दिया गया। आरोप है कि इन्हें सुरक्षित तरीके से ढका नहीं गया, जिससे खेलते समय बच्चे उसकी चपेट में आ गए। सोसायटी निवासी अंकित मिश्रा ने बताया कि टावर एन में रहने वाले उमेश का 14 वर्षीय बेटा अपने दोस्तों के साथ खुले क्षेत्र में खेल रहा था, तभी यह हादसा हुआ।


अस्पताल में इलाज जारी, हालत स्थिर

घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए। यथार्थ अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दो बच्चों को लाया गया था। एक बच्चे के माथे पर और दूसरे की ठोड़ी के पास सरिया लगा है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *