जेवर में पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था युवक, अचानक कुछ लोगों ने कर दिया हमला, यह है पूरा मामला

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में मंदिर से लौट रहे युवक पर फायरिंग का आरोप लगा है। परिवार ने पुरानी हत्या की रंजिश को वजह बताया है, जबकि पुलिस ने गोली चलने की घटना से इनकार किया है। मामले की जांच जारी है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में सोमवार को एक युवक पर गोली चलाने का आरोप लगने से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि युवक अपनी पत्नी के साथ मंदिर से लौट रहा था, तभी गांव के कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और एक हत्या के मामले की पैरवी को वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने प्रारंभिक जांच में गोली चलने की बात से इनकार किया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


मंदिर से लौटते समय घेरने का आरोप

जेवर के नीमका गांव निवासी राजकुमार के मुताबिक, उनके भाई प्रेम सिंह और भाभी सोमवार को गांव के मुखिया मंदिर में पूजा करने गए थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद गांव के उमेश और राज ने उन्हें देख लिया। राजकुमार का कहना है कि दोनों आरोपियों ने अपने पिता को फोन कर प्रेम सिंह को घेरने की बात कही, जिसे उनकी भाभी ने सुन लिया। इसके बाद दोनों मंदिर से लौटने लगे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि माता के मंदिर के पास आरोपियों ने उनका पीछा कर प्रेम सिंह पर गोली चला दी। प्रेम सिंह इस हमले में सुरक्षित बच गए। गोली जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले।


पुरानी हत्या की पैरवी से जुड़ी रंजिश का आरोप

राजकुमार ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनके छोटे भाई नागेश की हत्या कर दी गई थी, जिसमें यही आरोपी पक्ष नामजद था। उनका कहना है कि प्रेम सिंह और वह स्वयं उस मामले की पैरवी कर रहे हैं, जिससे आरोपी पक्ष नाराज चल रहा था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश में दोबारा हमला किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *