गंग नहर में डूबे बच्चे का अब तक नहीं मिला कोई सुराग, तीन दिन बाद हताश होकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया बंद, परिवार को मिली आर्थिक मदद
- Shiv Kumar
- 03 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित दौला रजपुरा गांव के पास गंग नहर में डूबे चार वर्षीय मासूम अदनान का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। लगातार चले तलाशी अभियान के बावजूद जब सफलता नहीं मिली तो सोमवार से राहत और बचाव कार्य रोक दिया गया। इस खबर से गांव और परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है। प्रशासन के मुताबिक, कई किलोमीटर तक सघन तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चल पाया। परिजनों की मौजूदगी में नहर किनारे लगातार खोजबीन की गई, लेकिन उम्मीदें धीरे-धीरे टूटती गईं।
नारियल निकालने के दौरान गहरे पानी में गया बच्चा
घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अदनान अपने बड़े भाई के साथ नहर किनारे खेल रहा था। इसी दौरान उसने नहर में बहता हुआ एक नारियल देखा। उसे निकालने के लिए वह पानी में उतर गया, लेकिन अचानक गहराई में चले जाने से डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक परिजनों के साथ मिलकर तलाश करती रही। शनिवार सुबह राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। गोताखोरों और मोटरबोट की मदद से कई किलोमीटर तक नहर में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन रविवार देर शाम तक भी कोई सफलता नहीं मिली।
परिवार सदमे में, चार लाख सहायता की घोषणा
लगातार तीन दिन की मशक्कत के बाद अधिकारियों ने अभियान स्थगित करने का निर्णय लिया। दनकौर पुलिस का कहना है कि बच्चे के परिजनों के अनुरोध पर ही राहत और बचाव कार्य रोका गया है। मासूम के लापता होने से परिवार पूरी तरह टूट चुका है और गांव में शोक का माहौल है। एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की घोषणा की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नहर और जलाशयों के आसपास बच्चों को अकेला न छोड़ें और सतर्कता बरतें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






